भारत और पाकिस्तान के क्रिकेट प्रेमियों के लिए शायद ही इससे बड़ा मैच कोई और होगा. क्रीज पर जब भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत होती है, तो वो मैच कम, जंग ज्यादा लगती है. इसी जज्बात और जूनून से लबरेज दोनों टीमों का महामुकाबला आज दुबई में एशिया कप के मैच में होने जा रहा है. शाम पांच बजे से शुरू होने जा रहे इस मैच का सबको बेसब्री से इंतजार है.
ऐसे में देखना दिलचस्प है कि अब तक दोनों देशों के बीच खेले गए वन डे इंटरनेशनल और एशिया कप में खेले गए मैचों के आंकड़े क्या कहते हैं.
बदला लेने को बेताब है टीम इंडिया
ग्रुप स्टेज में दोनों ही टीमें हॉन्गकॉन्ग को हराकर आगे पहुंची हैं. भारत और पाकिस्तान के टीम पूरे 15 महीने बाद एक दूसरे के आमने सामने होंगे. दोनों के बीच आखिरी वनडे मैच पिछले साल 18 जून को ओवल में हुआ था. उस मैच में पाकिस्तान ने भारत को 180 रन से हराकर ICC चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया था. जाहिर है, आज भारत उस करारी हार का बदला लेने को बेताब होगा. कहा जा रहा है कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान भी इस मैच को देखने दुबई जा सकते हैं.
रोहित शर्मा पर है दबाव !!
विराट कोहली की गैरमौजूदगी में इस महामुकाबले में रोहित शर्मा पाकिस्तान के खिलाफ पहली बार कप्तानी की कमान संभालेंगे. वो अच्छे फॉर्म में हैं, और वनडे मैचों में अब तक तीन बार डबल सेंचुरी लगा चुके हैं. हालांकि, इस मैच में रोहित पर अच्छी कप्तानी के साथ अच्छी बैटिंग करने का दबाव भी होगा.
रोहित के अलावा बल्लेबाजी में शिखर धवन के ऊपर बड़ी जिम्मेदारी होगी. पहले मैच में रोहित ने लोकेश राहुल को आराम दिया था. राहुल पाकिस्तान के खिलाफ भी बेंच पर बैठेंगे या नहीं इसका पता मैच में ही चलेगा. रोहित की सबसे बड़ी चुनौती मिडल ऑर्डर है, जहां चौथे और पांचवें नंबर के लिए उन्हें जद्दोजहद करनी होगी. इन दोनो नंबरों के लिए रोहित के पास अंबाती रायडू, केदार जाधव, दिनेश कार्तिक और मनीष पांडे के विकल्प मौजूद हैं. वहीं, अनुभवी खिलाड़ी होने के नाते महेंद्र सिंह धोनी के कंधों का भार भी बढ़ गया है.
टीम की गेंदबाजी भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह के ऊपर है. वहीं स्पिन में युजवेंद्र चहल और कुलदीप यादव मोर्चा संभालेंगे.
मैच से पहले ही पाकिस्तान के कप्तान सरफराज अहमद ने कहा है कि उनके खिलाड़ी इस मैच को एक किसी भी दूसरे मैच की तरह ही लेंगे. उन्होंने कहा है कि भारत-पाकिस्तान मैच में हमेशा दबाव रहता है. लेकिन इस मैच को पाकिस्तान की टीम किसी अन्य मैच की तरह ही ले रहे हैं.
पाकिस्तान भी है तैयार !!
पाकिस्तान की बात की जाए तो उसकी बल्लेबाजी बाबर आजम, फखर जमन के जिम्मे है. उनका बल्ला फिलहाल अच्छा चल रहा है, जो भारत के लिए अच्छा संकेत नहीं है. हॉन्ग कॉन्ग के खिलाफ इमाम उल हक ने अर्धशतक लगाया था. फखर और इमाम की सलामी जोड़ी भारतीय गेंदबाजों को परेशान करने का माद्दा रखती है.
पाकिस्तान की गेंदबाजी की जिम्मेदारी मुख्य तौर पर हसन अली और मोहम्मद आमिर पर होगी. वहीं युवा उस्मान खान ने भी अपने हालिया प्रदर्शन से काफी प्रभावित किया है. स्पिन में शादाब खान और शोएब मलिक से पाकिस्तान को उम्मीदें होंगी.
क्या कहते हैं आकड़े ??
भारत एशिया कप टूर्नमेंट 6 बार जीत चुका है, जबकि इसकी तुलना में पाकिस्तान ने महज दो बार इस खिताब पर कब्जा किया है. आज के वनडे मुकाबले में 130वीं बार दोनों टीमें एक दूसरे से भिड़ेंगी. अब तक दोनों देशों के बीच 129 वनडे मैच हुए हैं, जिनमें भारत ने 52, और पाकिस्तान ने 73 मैच जीते हैं, जबकि चार मैच बेनतीजा रहे.
एशिया कप के आंकड़ों पर गौर करें तो इससे पहले इस टूर्नामेंट में 11 बार दोनों टीमों का आमना-सामना हुआ है. इनमें दोनों टीमें 5-5 बार जीती हैं और 1 मैच बेनतीजा रहा है.
दोनों देशों के बीच आखिरी 10 वनडे की बात करें तो भारत ने 6 मैच में जीत दर्ज की है, जबकि पाकिस्तान 4 मैच ही जीत पाया. इतना ही नहीं, भारत-पाक के बीच आखिरी के 5 मैचों पर गौर करें, तो यहां भी भारत के आंकड़े मजबूत हैं. भारत ने 3 मैचों में जीत हासिल की है, जबकि पाकिस्तान के हिस्से दो ही जीत आई हैं.

No comments:
Post a Comment