इंदौर. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने दावा किया है कि भाजपा के 30 विधायक हमारे संपर्क में हैं, सभी कांग्रेस से टिकट मांग रहे हैं। रविवार को यहां रोड शो करने के बाद वह मीडिया से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों के लिए 2500 नेता-कार्यकर्ताओं ने टिकट के लिए आवेदन किया है।
कमलनाथ ने यह भी कहा कि कांग्रेस में इस बार चुनाव के टिकट मेरा या किसी का समर्थक होने से नहीं मिलेंगे। सर्वे रिपोर्ट में जिसका नाम होगा, चुनाव जीतने और जनाधार वाला जो नेता होगा, उसे ही टिकट मिलेगा। इधर, कमलनाथ के बयान पर जवाब देते हुए भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता कह रहे हैं कि उनके लिए मप्र में कुछ नहीं है। दिल्ली की राजनीति में रुचि लें या अपने गृह जिले कोलकाता लौट जाएं।
इससे पहले मीडिया से चर्चा करते हुए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि चुनाव में टिकट के लिए एक सर्वे रिपोर्ट हमारे पास आ गई है। दूसरी सर्वे रिपोर्ट कल तक आने की उम्मीद है। दोनों सर्वे एक-दूसरे से अलग है। एक सर्वे रिपोर्ट गुजरात चुनाव में सर्वे करने वाली टीम ने जबकि दूसरा कर्नाटक चुनाव में सर्वे करने वाली टीम ने किया है। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर ही टिकट तय होगा।
मैं या सिंधिया चुनाव लड़ेंगे, यह फिलहाल तय नहीं : कमलनाथ ने कहा- विधानसभा चुनाव मैं लडूंगा या ज्योतिरादित्य सिंधिया, यह अभी तय नहीं है। हालांकि यह साफ है सिर्फ एक सीट जीतने के लिए हम चुनाव नहीं लड़ेंगे। जहां से हम चुनाव लड़ेंगे, वहां से वैसे भी हम जीत ही रहे हैं। यह चुनाव प्रदेश के भविष्य का चुनाव है। दिग्विजय सिंह पहले ही कह चुके हैं कि न वे चुनाव लड़ेंगे, न उन्हें पद चाहिए। वे संगठन का काम करेंगे। कमलनाथ ने पार्टी में गुटबाजी को लेकर साफ इनकार किया।

No comments:
Post a Comment